October 29, 2026 11:39 PM

दुल्हा हो गया फरार और दुल्हन ने अपने ही बाप को करा दी जेल, पढ़िए पूरी खबर…

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक लड़की की जबरन शादी के प्रयास मामला सामने आया है, जहां दुल्हन का पिता एक लाख रुपए लेकर बेटी की जबरन शादी करने जा रहा था. मगर इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. मथुरा पुलिस ने दुल्हन के पिता और उसके होने वाले दूल्हे सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. इस मामले में लड़की के पिता और तीन अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि जिस लड़के से जबरन शादी होने वाली थी, वह दूल्हा फरार है. टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, पुलिस ने कहा कि 19 वर्षीय लड़की ने अपने रिश्तेदारों को उसके पिता द्वारा एक लाख रुपए लेकर जबरन शादी के बारे में सूचित किया था. इसके बाद लड़की के रिश्तेदारों ने पांच लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. लड़की के पिता ने लड़के वाले से एक लाख रुपए लेकर यह शादी तय की थी.

पुलिस की मानें तो इन सभी के खिलाफ हाईवे पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 366 (एक महिला का अपहरण या उसकी शादी के लिए मजबूर करने के लिए प्रेरित करना), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) के तहत मामला दर्ज किया गया था.

लड़की के रिश्तेदार द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, जब लड़की ने रवि चौधरी से शादी करने से इनकार कर दिया, तो उन्होंने लड़की के पिता से गाली-गलौज और पिटाई शुरू कर दी. इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, हालांकि लड़का रवि चौधरी फरार हो गया. हाईवे थाने के एसएचओ अजय कौशल ने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.

Related Posts