September 21, 2026 10:09 AM

योगी सरकार की तैयारी: यूपी के सरकारी विभागों में खत्म होगा करप्शन, जानिए कैसे ?

लखनऊ: सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए प्रदेश सरकार एंटी करप्शन आर्गनाइजेश (एसीओ) का विस्तार करने जा रही है। प्रदेश के आठ मंडलों में इसकी यूनिट खोलने के लिए बजट में धन का प्रावधान भी कर दिया है। दस मंडलों में इसकी यूनिट पहले से है। वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट में आठ मंडलों अलीगढ़, आजमगढ़, बस्ती, चित्रकूट धाम, देवीपाटन, मिर्जापुर, प्रयागराज और सहारनपुर में एसीओ की यूनिट स्थापित करने की घोषणा की गई है। प्रदेश के 10 मंडलों लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, गोरखपुर, बरेली, आगरा, मुरादाबाद, झांसी, मेरठ व कानपुर में इसकी यूनिट पहले है। यह यूनिट अराजपत्रित श्रेणी के अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध प्राप्त होने वाली भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों पर कार्रवाई करती है।

योगी सरकार के पहले कार्यकाल में एसीओ ने भ्रष्टाचार में 307 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। दूसरे कार्यकाल में इस वर्ष (2022) जनवरी से लेकर अब तक 22 लोगों को घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर जेल भेजा। वर्ष 2019 में सबसे ज्यादा 100 लोगों को घूस लेते गिरफ्तार किया गया था। विभाग के आंकड़ों के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस व राजस्व विभाग के कर्मचारियों की संख्या सबसे ज्यादा है।

वर्षवार गिरफ्तार भ्रष्टाचार के आरोपी 
वर्ष 2022 (मई तक)-22
वर्ष 2021-41
वर्ष 2020-34
वर्ष 2019-100
वर्ष 2018-90
वर्ष 2017-52

इन नंबरों पर करें शिकायत
राज्य सरकार के किसी विभाग के अराजपत्रित अधिकारी व कर्मचारी द्वारा घूस मांगे जाने पर एसीओ के इन हेल्पलाइन नंबरों 9454400315 और 9454402484 पर शिकायत की जा सकती है।
-राजीव मल्होत्रा, डीआईजी, एसीओ

Related Posts