September 21, 2026 11:44 AM

जालौन में उपद्रवियों ने टॉयलेट पर लिखे मुग़ल शासकों के नाम, पुलिस आरोपियों को ढूंढकर परेशान…

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कुछ अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। अराजक तत्वों ने जिले में बने अलग-अलग पब्लिक टॉयलेट पर मुगल राजाओं के नाम लिख दिए। सात पब्लिक टॉयलेट पर मुगल राजाओं के नाम लिखे हुए मिले हैं। इन टॉयलेट की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कम्प मच गया और पुलिस आरोपियों की तलाश में लग गई है।

अराजक तत्वों ने किसी टॉयलेट का नाम औरंगजेब पेशाबघर रख दिया, तो किसी टॉयलेट का नाम मुहम्मद गजनबी मूत्रालय रख दिया। ऐसे ही कई पेशाबघरों के बाहर हुमायूं, अकबर, खिलजी आदि के नाम लिखे गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम को रविवार रात में अंजाम दिया गया है। इसकी सूचना मिलने के बाद से मुस्लिम समुदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया है। सोमवार की सुबह एक यूजर ने टॉयलेट की तस्वीर सोशल नेटवर्किंग साइट में साझा की। इसके बाद पूरी घटना की जानकारी हुई। उसके बाद अलग-अलग क्षेत्रों से ऐसी तस्वीरें सामने आने लगी। जालौन के उरई में बने 7 पेशाबघरों के नाम मुगल राजाओं के नाम पर रखे गए हैं। इसकी तस्वीर सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रही है।

इस मामले में पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने जानकारी दी है कि नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और उरई कोतवाल को बुलाकर मामले की जांच कराई जा रही है, जिले का सांप्रदायिक माहौल बिगड़ने नहीं दिया जाएगा, जो भी जनपद का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts