September 21, 2026 11:44 AM

कील मुंहासों से हो गई थी परेशान, परिजन भी हो गये थे टूटे रिश्तों से हैरान, फिर लड़की ने लगा लिया मौत को गले…  

बांदा : क्या कील मुंहासे होना भी किसी की खुदकुशी की वजह बन सकता है। सुन कर भले ही इस बात पर किसी को एकबारगी यकीन ना हो लेकिन उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की रहने वाली एक लड़की ने सिर्फ इसलिए अपनी जान दे दी क्योंकि वो उसके चेहरे पर आए पिंपल्स से परेशान थी। मामला यूपी के बांदा जिले का है जहां एक युवती ने चेहरे पर आए मुंहासों से परेशान होकर मौत को गले लगा लिया। बताया जा रहा है कि मुंहासों के कारण लड़की का बार-बार रिश्ता टूट रहा था। जिससे वह काफी परेशान रहती थी। घटना सोमवार शाम बिसंडा थाना क्षेत्र के अजीत पारा गांव की है। मवेशियों को चारा खिलाकर लौटी मां और बहन ने उसे कमरे में फंदे से लटका हुआ देखा।

परिवार के सदस्यों ने कहा कि लड़की अपने मुंहासे की समस्या से परेशान थी। कई इलाज के बाद भी यह समस्या ठीक न हो सकी। परिवार के एक सदस्य ने कहा, लड़की के लिए शादी के कई प्रस्ताव आए थे, लेकिन जब उन्होंने चेहरे पर मुंहासे देखे तो रिश्ता करने से इंकार कर दिया। बिसंडा थाना प्रभारी केके पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जारी है।

पहले भी आ चुका है ऐसा मामला

ऐसा ही एक मामला 2016 में मध्य प्रदेश से भी सामने आया था। धार जिले के राजगढ़ कस्बे की रहने वाली एक छात्रा दामिनी जैन मुंहासों से परेशान थी। स्थानीय डॉक्टरों के इलाज से कोई फर्क नहीं पड़ रहा था। इस वजह से वो डिप्रेशन में आ गई। उसने पहले कॉलेज जाना छोड़ा और फिर घर से निकलना ही बंद कर दिया। दामिनी पिंपल्स को लेकर इतनी परेशान हो गई कि उसने जहर खा लिया। घरवाले जब उसके कमरे में गए तो इस बात का पता चला।

Related Posts