हरदोई: यूपी के हरदोई में कोतवाली हरपालपुर पुलिस ही नहीं फरियादी भी बंदरों के आतंक से परेशान हैं. थानेदार की टेबल पर रखे फरियादी के मोबाइल फोन को लेकर एक बंदर भागकर पेड़ पर चढ़ गया. इस दौरान फरियादी से लेकर पुलिसकर्मी तक बंदर से मोबाइल छीनने की कोशिश में जुटे रहे,लेकिन मोबाइल फोन को मुंह में दबाकर पेड़ पर चढ़ा बंदर सभी को छकाता रहा. कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ पर चढ़े बंदर से मोबाइल हासिल करने में पुलिसकर्मी और फरियादी कामयाब हो सके,जिसके बाद फरियादी का मोबाइल फोन मिल सका. वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने बंदर की इस हरकत को अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया.

दारोगा के मेज से मोबाइल ले भागा बंदर
एक बंदर के थाने की दीवार और पेड़ पर मुंह में मोबाइल दबाकर चढ़ने की यह तस्वीरें कोतवाली हरपालपुर की है. दरअसल स्थानीय थाना क्षेत्र के सिरसा गांव के रहने वाले अनुराग मिश्रा किसी मामले की शिकायत लेकर कोतवाली हरपालपुर आये थे. कोतवाली पहुंचने के बाद फरियादी ने इंस्पेक्टर उमाकांत दीपक की मेज पर अपना मोबाइल फोन रख दिया. इसी बीच अचानक तेज गति से एक बंदर मेज की ओर झपटा और मोबाइल फोन हाथ में लेकर थाने की दीवार पर चढ गया, जिसके बाद बंदर चहल कदमी करता हुआ पेड़ पर जा पहुंचा.
चार घंटे बाद मिला मोबाइल
बंदर के मुंह में मोबाइल फोन दबाकर पेड़ पर चढ़ने के बाद थाने के पुलिसकर्मी और स्थानीय लोगों के साथ फरियादी बंदर से मोबाइल फोन छीनने का प्रयास करता रहा,लेकिन बंदर ने इस डाल से उस डाल और इस पेड़ से उस पेंड पर चहल कदमी कर सभी को खूब छकाया.अंत में करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बंदर ने मोबाइल फोन नीचे गिरा दिया, जिसके बाद फरियादी को उसका मोबाइल फोन मिल सका. बंदर की इस हरकत को स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.







