July 18, 2026 10:10 PM

चम्पावत हादसा : रेस्क्यू खत्म, खाई से निकाले गए सभी 14 शव, दो गंभीर घायलों का चल रहा इलाज, पीएम ने किया अनुग्रह राशि देने का ऐलान…

चंपावत: उत्तराखंड में सोमवार रात बड़ा हादसा हुआ। टनकपुर-चम्पावत हाईवे से जुड़ी सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर मैक्स दुर्घटना का शिकार हो गई। मंगलवार दोपहर बाद तक चले रेस्क्यू आपरेशन में सभी 14 शव निकाले जा चुके हैं। दुर्घटना बुुड़म से लगभग तीन किलोमीटर आगे हुई बताई जा रही है। हादसे के बाद शव बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हैं। दो गंभीर घायलों का इलाज चल रहा है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन संख्या-यूके 04,टीए- 4712 में सवार सभी लोग टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में हुई शादी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बीती रात 3 बजकर 20 मिनट के आस-पास मैक्स अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। सभी लोग ककनई निवासी लक्ष्मण सिंह के पुत्र मनोज सिंह की शादी में शामिल होने गए थे। अधिकांश मृतक लक्ष्मण सिंह के सगे संबंधी बताए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजन को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की मंगलवार को घोषणा की। उत्तराखंड के चंपावत जिले में सुखीढांग-डांडामिनार मार्ग पर सोमवार देर रात एक वाहन के गहरे खड्ड में गिरने से उसमें सवार 14  लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने मोदी के हवाले से ट्वीट किया, ‘‘ उत्तराखंड के चंपावत में हुई दुर्घटना हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों की मृत्यु हुई है, मैं उनके परिजन के प्रति अपनी शोक-संवेदना व्यक्त करता हूं। स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।’’

कार्यालय ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की है। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।’’

Related Posts