पानीपत: सेवा, सुरक्षा व समर्पण के दावों से इतर यहां थाने में खाकी दागदार हो गई। खाकी पर कलंक लगाने वाला कोई और नहीं, बल्कि थाने का ही होमगार्ड है। शिकायत लेकर पहुंची महिला ने होमगार्ड पर उसके साथ दुष्कर्म करने का संगीन आरोप लगाया है। दुष्कर्म के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। वहीं, पीडि़ता ने घरौंडा के डीएसपी से न्याय और आरोपित के खिलाफ फौरी कार्रवाई की गुहार लगाई है। डीएसपी ने शिकायत सुनने के साथ ही महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए करनाल भेज दिया। जबकि पुलिस ने आरोपित होमगार्ड के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।

बताया जा रहा है कि घरौंडा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला को एक व्यक्ति लगातार फोन पर परेशान कर रहा था। इसी की शिकायत लेकर वह सोमवार को घरौंडा थाने में पहुंची थी। पुलिस स्टेशन के बाहर उसे एक युवक मिला और उसने अपना नाम गुलाब बताते हुए थाने का मुलाजिम होने का दावा किया। पीडि़ता ने युवक को बताया कि उसे एक व्यक्ति फोन पर लगातार परेशान करता आ रहा है, जिसकी रिकार्डिंग भी उसके पास है। युवक ने महिला से कहा कि उसके साथ कमरे में चले, वहां वह रिकार्डिंग आराम से सुना देगा। इसके बाद वह महिला को क्वार्टर में ले गया।
पीडि़ता का आरोप है कि कमरे के अंदर घुसते ही आरोपित युवक ने दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद आरोपित युवक मौके से फरार हो गया। पीडि़ता थाने में आई और उसने पुलिसकर्मियों को आपबीती बताई, लेकिन थाने में कोई महिला पुलिसकर्मी नहीं होने की वजह से वह डीएसपी कार्यालय पहुंच गई। डीएसपी ने महिला की शिकायत सुनी और एसएचओ को कार्रवाई के आदेश दिए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला को मेडिकल के लिए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कालेज एवं अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि महिला ने होमगार्ड पर दुष्कर्म के आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर आरोपित होमगार्ड के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित फरार है। महिला का मेडिकल कराया जा रहा है। आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






