July 18, 2026 6:52 PM

मदन कौशिक ने अभी नहीं दिया बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा, फर्जी ट्वीट मामले मे पुलिस ने किया मामला दर्ज…

देहरादून : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के नाम से किसी व्यक्ति ने इंटरनेट मीडिया पर उनके इस्तीफे का फर्जी संदेश पोस्ट कर दिया। इस संदेश के वायरल होते ही भाजपा में हड़कंप मच गया। पार्टी के प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी की तहरीर पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। विधानसभा चुनाव के दूसरे दिन ही विधायक व लक्सर सीट के प्रत्याशी संजय गुप्ता ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद गुरुवार को अध्यक्ष मदन कौशिक के नाम से इंटरनेट मीडिया पर एक बयान पोस्ट किया गया, जिसमें मदन कौशिक की ओर से पार्टी से इस्तीफा देने संबंधी बात लिखी गई थी। बताया कि इंटरनेट मीडिया पर प्रदीप नाम के व्यक्ति ने ट्विटर का स्क्रीन शाट लेकर उसको एडिट कर एक पोस्ट डाली है। इससे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। साइबर थाने के सीओ अंकुश मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज करने के साथ मामले की जांच की जा रही है।

धामी की लालसा प्रदेश भाजपा को ले डूबी : वायरल ट्वीट

मीडिया की खबरों के अनुसार, उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक के वायरल हो रहे ट्वीट को ‘फर्जी’ बताते हुए भाजपा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. वायरल हो रहे इस ट्वीट में कथित तौर पर कौशिक ने विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देने की बात कहते हुए बताया है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की लालसा प्रदेश में भाजपा को ले डूबी.

कांग्रेस निकाल रही भड़ास : भाजपा

मतदान के बाद वायरल हुए इस ट्वीट से परेशान भाजपा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि चुनाव में संभावित हार से बौखला कर कांग्रेस नेता कौशिक के फर्जी ट्वीट प्रसारित कर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं. भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस को अपनी हार साफ दिखाई दे रही है और इसलिए उसके नेता भाजपा को लेकर गलत संदेश फैलाने के लिए षड्यंत्र रच रहे हैं और फर्जी ट्वीट प्रसारित कर रहे हैं.

Related Posts