July 17, 2026 6:19 PM

सफाई देते रहे बार-बार, फिर भी ठुकराल को बीजेपी ने नहीं बनाया उम्मीदवार, देखिये बीजेपी की दूसरी लिस्ट…

रुद्रपुर : विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। जिसमें पार्टी ने कुमाऊं के दो सिटिंग विधायकों लालकुआं से नवीन दुम्का और रुद्रपुर से राजकुमार ठुकराल का टिकट काट दिया है। भाजपा ने रुद्रपुर से जिलाध्यक्ष शिव अरोड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया है। विधायक राजकुमार ठुकराल संभवत: यह पहले ही भांप गए थे कि पार्टी उनका टिकट काट सकती है। बीते दिनों विधायक ठुकराल के कई विवादित आडियो वायरल हुए थे और मामला हाईकमान तक पहुंच गया था। तब ठुकराल ने प्रेसकांफ्रेंस बुलाकर सफाई देते हुए कहा था कि उनकी छवि को दूषित करने के लिए आडियो वायरल किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि पार्टी हाई कमान के सामने मैंने अपना पक्ष रख दिया है। जांच में सबकुछ साफ हो जाएगा। वहीं इस प्रकरण को लेकर विधायक ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर भी दी थी। लेकिन उनका कोई भी पैंतरा काम न आया।

रुद्रपुर से लगातार दो बार भाजपा से विधायक चुने गए राजकुमार ठुकराल अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। संगठन विरोधी गतिविधियों के उनके कई आडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल हो चुके हैं। जिनमें वह हाई कमान से लेकर प्रदेश अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री और विधायकों तक पर सवाल उठा चुके हैं। अभी बीते द‍िनों उनके दो आडियो वायरल हुए, जिनमें एक में वह हिंदू संगठनों पर टिप्पणी करते हुए नजर आ रहे हैं तो दूसरे में अपनी सरकार के मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और विधायक पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगा रहे हैं।

आडियो में विधायक ठुकराल कहते सुने जा रहे हैं कि शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय को हर काम का पैसा देना पड़ता है। उनके यहां बाथरूम भी करो तो उसका भी पैसा देना हाेता है। वह मंत्रियों में सबसे भ्रष्ट मंत्री हैं। जबकि विधायकों में सबसे भ्रष्ट विधायक किच्छा वाले हैं। वहीं विधायक राजकुमार ठुकराल ने वायरल आडियो पर कहा कि मेरी आवाज नहीं है।

Related Posts