July 17, 2026 8:36 PM

चरधाम यात्रा मे तीर्थयात्रियों की निर्धारित संख्या बढ़ाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने हाईकोर्ट में दाखिल किया प्रार्थनापत्र

देहरादून: नैनीताल हाईकोर्ट में सरकार ने चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों की निर्धारित संख्या बढ़ाने के लिए हलफनामे के साथ प्रार्थनापत्र दाखिल किया है। इस मामले को सरकार की ओर से शुक्रवार या सोमवार को कोर्ट के समक्ष सुनवाई के लिए पेश किया जाएगा।  पूर्व में हाईकोर्ट ने सरकार की अर्जी पर सुनवाई करते हुए चारधाम यात्रा पर लगाई गई रोक को हटा दिया था। साथ ही केदारनाथ धाम में प्रतिदिन 800, बदरीनाथ में 1000, गंगोत्री में 600 और यमुनोत्री में 400 श्रद्धालुओं को जाने देने की अनुमति दी थी। बृहस्पतिवार को सरकार की ओर से इस आशय का हलफनामा दाखिल कर दिया गया। सरकार के अनुसार चारों धामों में एसओपी का पूरी तरह अनुपालन किया जा रहा है। बेहद कम तीर्थयात्री दर्शन के लिए जा पा रहे हैं।

पंजीकरण न होने पर लौटाए 40 यात्री

चारधाम यात्रा की अधूरी तैयारी बाहरी राज्यों के यात्रियों के लिए मुसीबत बन रही है। ऋषिकेश से यमुनोत्री जा रहे 28 सवारियों से भरी बस को देवस्थानम बोर्ड में पंजीकरण न होने के चलते पुलिस ने लौटा दिया। कार्रवाई से बस ऑपरेटरों ने विरोध किया है।  बस ऑपरेटर विनोद भट्ट ने बताया कि उनकी एक बस मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के 28 सवारियों को लेकर यमुनोत्री जा रही थी। दोपहर 12 बजे बस जैसे ही भद्रकाली चेक पोस्ट पर पहुंची तो यहां पर तैनात पुलिस और एआरटीओ के कर्मचारियों ने बस को रोक दिया। उन्होंने बताया कि बस में जो 28 सवारी बैठी थी, उनका पंजीकरण दून स्मार्ट सिटी वेबसाइट पर किया गया था।

तारीख न मिलने पर उन्होंने देवस्थानम बोर्ड की साइट पर पंजीकरण नहीं करवाया। विनोद भट्ट ने बताया कि इस बाबत धर्मस्व सचिव की ओर से 25 सितंबर को एक आदेश जारी किया गया, आदेश के बिंदू संख्या तीन में यदि किसी यात्री को देवस्थानम बोर्ड की वेबसाइट पर तारीख नहीं मिलती है तो वह केवल दून स्मार्ट सिटी की वेबसाइट पर पंजीकरण कर चारधाम की यात्रा पर जा सकते हैं। यात्रियों को दर्शन के लिए न पहुंचने वाले पंजीकृत यात्रियों की जगह समायोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बस को वापस भेजने से यात्रियों में राज्य को लेकर गलत संदेश दिया गया है। बताया वह इस बाबत एसएसपी टिहरी और परिवहन आयुक्त से शिकायत करेंगे।

कैंपटी चेक पोस्ट से भी लौटाई 12 सवारियां

ट्रांसपोर्टर विनोद भट्ट ने बताया कि कैंपटी चेक पोस्ट भी यमुनोत्री जा रहे टैंपों ट्रेवल को वापस लौटा दिया गया। इस टैंपों ट्रेवल में 12 सवारी सवार थे। यह सभी यात्री उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के रहने वाले थे। इनका भी दून स्मार्ट सिटी की वेबसाइट पर पंजीकरण करा रखा था। देवस्थानम बोर्ड की साइट पर पंजीकरण नहीं कराया।

Related Posts