June 19, 2026 12:10 AM

स्कूटी सवार माइक लेकर मांग रहा अजय देवगन के लिए भीख ! देखें VIDEO और जानें किस बात से है नाराज़…

नासिक: यूं तो अजय देवगन की गिनती इंडस्ट्री के दिग्गज स्टार्स में की जाती है। फैंस उनकी फिल्म ‘सिंघम अगेन’ का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हाल ही में रोहित शेट्टी ने बताया कि साल के अंत में फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी। इसी बीच नासिक के एक शख्स का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह एक अभियान चला रहा है। एक अनजान शख्स ‘अजय देवगन के लिए भीख मांगो आंदोलन’ चला रहा है।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें शख्स ने स्कूटी पर कई पोस्टर्स लगाए हुए है। साथ में माइक और स्पीकर भी लगाया हुआ है। पोस्टर पर लिखा है, ‘अजय देवगन के लिए भीख मांगो आंदोलन।’ यह वीडियो नासिक का बताया जा रहा है। असल में शख्स इस बात से नाराज है कि अजय देवगन ऑनलाइन गेमिंग एप्स को प्रमोट कर रहे हैं।

अजय देवगन के लिए भीख मांग रहा शख्स

शख्स माइक पर लोगों से अपील करते हुए बताता है कि वह अजय देवगन के लिए भीख मांग रहा है। वह कहता है, “मैं ऑनलाइन गेमिंग एप्स और इसके विज्ञापन का विरोध कर रहा हूं। सेलेब्रिटीज के पास भगवान का दिया सब कुछ है, फिर भी वो ऑनलाइन रमी एप्स को प्रमोट कर रहे हैं, जो युवाओं पर बुरा असल डालते हैं।”

इसके बाद शख्स कहता है कि वह सारे पैसे इकट्ठा करके अजय देवगन को भेज देगा और उनसे रिक्वेस्ट करेगा कि इस तरह के एप्स को प्रमोट करें। अंत में वह कहता है कि इसके बाद भी यदि एक्टर को पैसों की कमी होगी तो वह दोबारा भीख मांगकर और पैसा भेज देगा, लेकिन इन चीजों का प्रचार बंद कर दें।

पान मसाला के विज्ञापन के कारण भी रह चुके हैं सुर्खियों में 

अनजान शख्स का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बता दें कि इसी साल अजय देवगन को एक ऑनलाइन गेमिंग कंपनी ने अपना ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया था। इससे पहले ‘दृश्यम’ एक्टर को लोग पान मसाला का विज्ञापन न करने की सलाह भी दे चुके हैं। बता दें कि फैंस की नाराजगी से अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार जैसे कई स्टार्स इन चीजों का विज्ञापन बंद कर चुके हैं।

अजय के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स

बात करें अजय देवगन के वर्कफ्रंट की तो हाल ही में वह ‘भोला’ में नजर आए थे। फिलहाल वह कई प्रोजेक्ट्स में व्यस्त चल रहे हैं। ‘मैदान’, ‘सिंघम अगेन’ और ‘औरों में कहां दम था’ जैसी फिल्मों उनकी पाइपलाइन में शामिल हैं।

Related Posts