July 17, 2026 7:44 PM

सीएम धामी ने की चारधाम यात्रा की समीक्षा बैठक, बोले – श्रद्धालुओं व पर्यटकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो

देहरादून: चारधाम यात्रा की समीक्षा बैठक में सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए प्रदेश में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को हर संभव सुविधा दी जाए।

प्रदेश का मुख्य सेवक होने के नाते मुझे परेशानी होगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालु व पर्यटक उत्तराखंड से अच्छा संदेश लेकर जाएं, यह सबकी जिम्मेदारी है। उनके प्रति किसी भी प्रकार की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में यदि एक भी यात्री को परेशानी होगी तो प्रदेश का मुख्य सेवक होने के नाते मुझे परेशानी होगी।  मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से रुद्रप्रयाग, चमोली व उत्तरकाशी के जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि चारधाम यात्रा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यवस्थाएं अच्छी हों। गाइडलाइन के अनुसार श्रद्धालु दर्शन कर सकें। पर्यटक स्थलों पर जाने वाले यात्रियों को भी कोई परेशानी न हो।


मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि चारधाम यात्रा के लिए पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने के बाद जिन लोगों को परमिशन मिली है, वही लोग चारधाम यात्रा के लिए आएं। बैठक में मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, डीजीपी अशोक कुमार, मुख्यमंत्री के अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव दिलीप जावलकर, गढ़वाल कमिश्नर रविनाथ रमन, डीआईजी गढ़वाल नीरू गर्ग, अपर सचिव युगल किशोर पंत मौजूद रहे।

यमुनाघाटी में मौसम साफ

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह की शुरुआत धूप के साथ हुई, लेकिन दिन चढ़ते-चढ़ते बादलों ने भी डेरा डाल दिया। वहीं मलबा और बोल्डर आने से बंद हुआ गंगोत्री हाईवे सुबह साढ़े 11 बजे यातायात के लिए खोल दिया गया। अन्य चारधाम यात्रा मार्गों पर यातायात सुचारू है। उत्तरकाशी के बड़कोट में यमुनोत्रीधाम सहित यमुनाघाटी में सोमवार को मौसम साफ बना हुआ है। यमुनाघाटी में जगह-जगह ठहरे हुए यात्री यमुनोत्रीधाम के लिए रवाना हो रहे हैं।

ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे कांडीखाल डाबरी के समीप सुबह से यातायात के लिए बाधित चल रहा था। कांडीखाल डाबरी में भूस्खलन होने से पहाड़ से भारी मलबा और बोल्डर हाईवे पर आ गिरा था। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। रविवार मध्य रात्रि को हाईवे बाधित हो गया था।

Related Posts