June 18, 2026 10:59 PM

सांप की हुई तेरहवीं: आत्मा शांति के लिए हुआ यज्ञ, सैकड़ों ग्रामीणों ने की शिरकत

बागपत: छपरौली क्षेत्र के शबगा गांव में दूसरे समुदाय के एक युवक द्वारा भाले व डंडों से पीटकर सांप के मरने पर ग्रामीणों ने यज्ञ का आयोजन किया। साथ ही प्रसाद वितरण किया गया। इस आयोजन में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं और सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। थाना क्षेत्र के शबगा गांव में सात जनवरी को दूसरे समुदाय के एक युवक ने संजीव पुत्र महेंद्र के प्लाट में बैठे लगभग 12 फुट लंबे सांप को लाठी व भले से पीट-पीट कर मार डाला था। उसके बाद आरोपी युवक सांप को लाठी पर लटका कर ले जा रहा था। तभी किसी ने उसका मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोपी युवक ने सांप के शव को जमीन में दबा दिया। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान कर सांप को गड्ढे से निकलवाया और वन विभाग को सूचना दी।

पुलिस ने वन रक्षक संजय कुमार की शिकायत पर शबगा निवासी स्वालीन के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मुकदमा दर्ज कराते हुए सांप का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें पशु चिकित्सक डॉ. रोहित सिंह ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सांप की रीढ़ की हड्डी टूटने, सर में चोट लगने, इंटरनल ब्लैडिंग, ब्रेन डैमेज होना बताया था। पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीणों ने सांप के शव का अंतिम संस्कार किया।

ग्रामीण सत्येंद्र सरोहा, राजेंद्र सिंह व संजीव ने बताया कि शुक्रवार को सरोहा पट्टी शिव मंदिर में सर्प की तेरहवीं पर विधि-विधान अनुसार यज्ञ का आयोजन किया गया। सैकड़ों लोगों ने आहुति देकर की आत्मा शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया। उसके उपरांत प्रसाद वितरण किया गया।

Related Posts