July 17, 2026 8:43 PM

मुख्यमंत्री आवास में धामी ने की सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा, अधिकारियों को दिये ये सख्त निर्देश…

देहरादून:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन में मिलने वाली शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता से करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस पर निगरानी को उच्च स्तरीय निगरानी तंत्र बनाया जाए। एक माह में मुख्य सचिव एवं 15 दिन में विभागीय सचिव इसकी समीक्षा करें। वहीं मुख्यमंत्री के निर्देश पर अब हेल्पलाइन 1905 पर रात 12 बजे तक शिकायतें दर्ज हो रही हैं। पहले रात 10 बजे तक शिकायतें दर्ज की जाती थीं।

मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों पर संबंधित अधिकारी द्वारा लापरवाही बरती जा रही है, ऐसे अधिकारियों पर शीघ्र कार्रवाई की जाए। हेल्पलाइन में यदि कोई आपातकालीन काल आती है तो संबंधित व्यक्ति की मदद के लिए संबंधित हेल्पलाइन या आपातकालीन सेवाओं से कनेक्ट करने की भी व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय में आती हैं, उन्हें भी सीएम हेल्पलाइन में डाला जाए। इस दौरान उन्होंने सीएम हेल्पलाइन का फीड बैक भी लिया।

अगस्त्यमुनि के पंकज गोस्वामी ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका लंबे समय से पुलिस वेरिफिकेशन नहीं हो रहा था। उन्होंने इसकी शिकायत हेल्पलाइन पर की। उनकी समस्या का समाधान 12 घंटे के भीतर हो गया। वहीं हल्द्वानी निवासी बीना पंत ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी बिजली से संबंधित समस्या का हल नहीं हो रहा था। हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बाद जल्द उनकी समस्या का समाधान हो गया।

बैठक में निदेशक आइटीडीए डा आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हेल्पलाइन पर सुबह आठ से रात 12 बजे तक जन शिकायतें दर्ज की जा रही हैं। सीएम हेल्पलाइन में अभी तक कुल 174250 शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। इसमें 105060 पर शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट किया जा चुका है। शेष पर अलग-अलग स्तर पर प्रक्रिया गतिमान है। बैठक में अपर मुख्य सचिव आनंदवर्द्धन,, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, अरविंद सिंह ह्यांकि ओर विनोद कुमार सुमन उपस्थित थे।

Related Posts