January 24, 2026 3:19 AM

भाजपा नेता अंग्रेजों की तरह हुकूमत कर रहे हैं – अबु आसिम आजमी, विधायक सपा

रामपुर: महाराष्ट्र से समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अबु आसिम आजमी ने कहा कि भाजपा नेता अंग्रेजों की तरह हुकूमत कर रहे हैं। यह देश के लिए बहुत हानिकारक है। यहां हिटलरों की तरह सरकारें चलाई जा रहीं हैं। इनका वक्त खत्म होने जा रहा है। यूपी में सपा 352 सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। मेरा टिकटों से कोई मतलब नहीं है। इसका फैसला सपा के मुखिया अखिलेश यादव करेंगे। विधानसभा चुनाव के लिए हर कार्यकर्ता को पूरी मेहनत के साथ लगना है। मैं भी सप्ताह में चार दिन यूपी में रहकर पार्टी के लिए काम करूंगा। बाकी दिन महाराष्ट्र में रहकर पार्टी के लिए प्रचार करना है।

वह शहर के मुहल्ला असालतपुरा स्थित सपा के वरिष्ठ नेता हाजी नासिर कुरैशी के आवास पर बोल रहे थे। कहा क‍ि रामपुर के सांसद आजम खां बड़े नेता हैं। मैं सबसे आखिरी नेता हूं। गरीबाें के पढ़ने के लिए रामपुर में जौहर विश्वविद्यालय बनाया गया था। उसमें कुछ कमियां भी थीं तो दूर करानी चाहिए थीं। उसे बर्बाद करने के लिए कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ठाकुर प्रज्ञा सिंह को इलाज के नाम पर जमानत मिल गई। इसके बाद वह एमपी बन गईं। आजम खां को जमानत नहीं मिल रही है। हमारी कोशिश है कि चुनाव से पहले आजम खां जेल के बाहर आएं। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी में किसानों के साथ जो हुआ यह इसी सोच का नतीजा है। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। चार महीने के बाद भाजपा सरकार नहीं रहेगी। हमारे नेता अखिलेश यादव अगले मुख्यमंत्री होंगे।

नोटों का हार डालकर हुआ स्वागत  

समाजवादी पार्टी ने प्रदेश भर में अपने सभी कार्यक्रम को निरस्त कर दिया था। लेकिन, इस बीच सपा के एक कद्दावर नेता के घर में महाराष्ट्र के प्रदेशाध्यक्ष अबु आसिम आजमी का नोटों के हार डालकर स्वागत किया गया। इंटरनेट मीडिया पर नोटों के हार पड़े फोटो पर दूसरे दलों के लोगों ने तरह-तरह के कमेंट किए हैं। स्वागत करने वाले कई नेता पार्टी के निर्देश के बाद भी आंदोलन में शामिल नहीं हुए।

Related Posts