September 26, 2026 1:14 PM

भाजपा कोर कमेटी की बैठक में राज्यसभा सीट और 2027 चुनाव की रणनीति पर मंथन

देहरादून। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में 25 सितंबर को प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा समेत कोर कमेटी के वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, सेवा संकल्प अभियान और आगामी राजनीतिक तैयारियों पर चर्चा की गई। इस दौरान फणीन्द्रनाथ शर्मा का औपचारिक स्वागत भी किया गया।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत चल रहे कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर उनके विचारों और कार्यों को स्मरण किए जाने की जानकारी दी।

राज्यसभा सीट पर दावेदारों के नामों पर चर्चा

बैठक में उत्तराखंड से रिक्त होने वाली राज्यसभा सीट के लिए पार्टी प्रत्याशी के चयन पर भी चर्चा हुई। मौजूदा राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है और इस सीट के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव प्रस्तावित है।

बैठक में संभावित दावेदारों के नामों पर मंथन किया गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार करीब दो दर्जन नामों पर चर्चा हुई, जिनमें विभिन्न सामाजिक वर्गों, महिलाओं, अनुसूचित जाति-जनजाति और युवाओं से जुड़े नाम शामिल बताए गए हैं। हालांकि पार्टी की ओर से किसी संभावित प्रत्याशी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।

2027 के लिए संगठन मजबूत करने पर जोर

कोर कमेटी ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा की। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार किया गया।

हाल में भाजपा ने राम माधव को प्रदेश प्रभारी तथा बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी है। वहीं फणीन्द्रनाथ शर्मा को प्रदेश महामंत्री संगठन बनाया गया है। ऐसे में नई संगठनात्मक टीम के गठन के बाद हुई कोर कमेटी की यह बैठक आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण रही।