July 17, 2026 7:42 PM

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का उत्तराखंड दौरा: 7 अक्‍टूबर को पीएम ऋषिकेश एम्स में करेंगे आक्सीजन प्लांट का लोकार्पण

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सात अक्टूबर का उत्तराखंड दौरा तय हो गया है। इस दिन वह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में स्थापित आक्सीजन प्लांट का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वह देशभर में पीएम केयर फंड से बने 162 आक्सीजन प्लांट का भी वर्चुअली लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए मशीनरी तैयारियों में जुट गई है। इस कड़ी में व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री के अभी तक मिले कार्यक्रम के मुताबिक एम्स ऋषिकेश में आक्सीजन प्लांट का लोकार्पण करने के बाद वह दिल्ली रवाना हो जाएंगे। पहले यह माना जा रहा था कि प्रधानमंत्री अपने आराध्य बाबा केदार के दर्शन के लिए केदारनाथ भी जा सकते हैं। समझा जा रहा है कि अब वह नवंबर में कपाट बंद होने के अवसर पर केदारनाथ आ सकते हैं।

पीएम का उत्तराखंड आना शुभ क्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद से यहां जिस तेजी से कार्य हुए हैं, वे सबके सामने हैं। प्रधानमंत्री का उत्तराखंड आना शुभ क्षण है, जिसकी हम सभी प्रतीक्षा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा हाल में मुख्यमंत्री की पीठ थपथपाने के बारे में पूछे जाने पर धामी ने दोनों के प्रति आभार जताया और कहा कि वे हमारे प्रेरणास्रोत हैं। उनकी शाबासी हमें और अधिक दायित्ववान व जिम्मेदार बनाती है। उन्होंने कि वह राज्य की जनता के भी ऋणी हैं, जिसका आशीर्वाद उन्हें मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक के तीन माह के कार्यकाल में उन्होंने प्रदेश के सभी क्षेत्रों और वर्गों को कुछ न कुछ देने का प्रयास किया है।

Related Posts