March 11, 2026 6:32 AM

पंजाब का सीएम बनते ही चन्नी ने किया प्रशासनिक फेरबदल, कैप्टन के करीबी अधिकारियों को हटाया

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। उन्होंने कैप्टन के करीबी कहे जाने वाले अधिकारियों को हटाकर दूसरे अधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां दी हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हुस्न लाल को मुख्यमंत्री का प्रिंसिपल सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं आईएएस तेजवीर सिंह को उनके पद से हटा दिया गया है।

विशेष प्रधान सचिव के पद पर राहुल तिवारी की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी कहे जाने वाले गुरकीत कृपाल सिंह को उनके पद से हटा दिया गया है। पंजाब में यह बड़ा फेरबदल माना जा रहा है। सचिवालय सूत्रों की मानें तो इसी सप्ताह और भी बड़े ओहदों पर बैठे अधिकारियों को इधर से उधर किया जा सकता है।

चरणजीत सिंह चन्नी ने पदभार संभालने के बाद एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने पंजाब में किसानों के सभी बकाया बिल माफ करने का एलान किया है। चन्नी ने कहा कि अगर किसानों और खेती करने वालों को किसी तरह की आंच आई तो मैं अपनी गर्दन भी उनके आगे कर दूंगा। वहीं खुद को आम आदमी बताते हुए पंजाब आलाकमान का आभार जताया। उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत पूरी पार्टी का धन्यवाद किया।

Related Posts