July 19, 2026 12:52 AM

दल-बदलू नेता दोनों ही पार्टियों को कलंकित करते हैं – कैबिनेट मंत्री

देहरादून: काबिना मंत्री अरविंद पांडेय ने दल बदलने वाले नेताओं को राजनीति का कलंक बताया है। उन्होंने कहा कि दल-बदलू नेता दोनों ही पार्टियों को कलंकित करते हैं। ऐसे नेता संबंधित पार्टियों में बूथ लेवल से कार्य करने वाले निष्ठावान कार्यकर्ताओं का दमन करते हैं। लिहाजा दल -बदलुओं से सावधान रहने की जरूरत है।मंगलवार को मंत्री अरविंद पांडेय चम्पावत के गौरल मैदान में राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम में शिरकत पहुंचे थे। प्रेसवार्ता के दौरान, उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है। यदि लोकायुक्त होता तो वो भी ये ही कार्य करता।

उन्होंने कहा कि दल बदल वाला नेता जिस पार्टी से जाता है उसे भी कलंकित करता है जिस पार्टी में शामिल होता है उसे भी कलंकित करता है। यहां उन्होंने नाम लिए बगैर यशपाल आर्य पर इशारों-इशारों में निशाना साधा। कहा कि बूथ स्तर में लंबे समय से काम करके उठने वाले निष्ठावान कार्यकर्ताओं का भी दल बदल करने वाले नेता दमन करते हैं। चाहे व भाजपा हो या फिर कांग्रेस। कहा कि दल बदल वाले नेता किसी पार्टी और प्रदेश का भला नहीं कर सकते हैं।

दल बदल वालों से पूछें उपलब्धियां

मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि 20-25 साल से मंत्री पद पर आसीन रहे नेताओं से पूछिए कि उन्होंने अपने विभाग में क्या बदलाव किए, क्या उपलब्धियां हासिल कीं। ये लोग अपने बेटे और बेटी को को ही आगे बढ़ाने में मसगूल रहते हैं। कहा कि ये लोग किसी पार्टी अथवा संगठन का हित नहीं कर सकते हैं। मंत्री ने ऐसे लोगों से सावधान रहने को कहा। हालांकि अन्य दलों से भाजपा में आने वाले नेताओं को लेकर उन्होंने गोलमोल जवाब दिया। कहा कि पूर्व में कांग्रेस महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर चल रही थी। लेकिन अब वह पार्टी देश विरोधी गतिविधियां कर रही हैं। इसी को देखते हुए कांग्रेस के राष्ट्रवादी नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

Related Posts