June 19, 2026 12:11 PM

झाड़ू पर हुआ झंझट ! एक थप्पड़ के जवाब में, पत्नी ने पति को दो थप्पड़ लगाकर गाल किया लाल, सदमे में पति गटक गया जहर

आरा: फिल्म ‘थप्पड़’ तो आपने जरूर देखी होगी। फिल्म में पति के थप्पड़ मारने पर पत्नी उससे तलाक ले लेती है लेकिन बिहार के भोजपुर से जो मामला सामने आया है, वह हैरान करने वाला है। यहां पत्नी के एक थप्पड़ मारने से आहत एक युवक ने जहर खा लिया। बताया जा रहा है कि पति ने पहले पत्नी को थप्पड़ मारा लेकिन पत्नी के हाथ उठाना, वह बर्दाश्त नहीं कर सका। यही कारण है कि उसने जहर खा लिया।

क्या है पूरा मामला

भोजपुर जिले के बड़हरा थाना के सेमरिया गांव में पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ। बताया जा रहा है कि घर के आंगने गिरे जूठा हटाने को लेकर दोनों के बीच नोकझोंक हुई। इसी दौरान पति प्रभु कुमार ने अपनी पत्नी को एक तमाचा जड़ दिया। इसके बाद पत्नी ने भी अपने पति को दो तमाचे जड़ दिए। इससे आहत होकर पति ने विषपान कर लिया।

जहर खाते ही बिगड़ी हालत

जहर खाते ही प्रभु कुमार की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन उसे स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। आरा सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि युवक खतरे से बाहर है। अस्पताल में इलाजरत युवक की मां ने बताया कि पति-पत्नी के बीच झाड़ू लगाने को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने कहा कि बुधवार सुबह आंगन में जूठा गिरा था। प्रभु ने पत्नी से झाड़ू से साफ करने को बोला तो उसने मना कर दिया। इसके बाद दोनों में नोकझोंक शुरू हो गई। इसी दौरान प्रभु ने अपनी पत्नी को तमाचा जड़ दिया। जवाब में उसकी पत्नी ने दो तमाचे जड़ दिए। पति-पत्नी का झगड़ा इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Posts