देहरादून: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकी मुठभेड़ में उत्तराखंड के दो जवान शहीद हो गए हैं। सेना के उक्त दोनों जवान गुरुवार शाम हुई आतंकी मुठभेड़ में घायल हुए थे जिन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आपको बता दें सैन्य प्रवक्ता के मुताबिक गुरुवार शाम से पुंछ जिले के मेंढर में काउंटर टेररिस्ट ऑपरेशन जारी है। ऑपरेशन के दौरान भारी गोलीबारी हुई। जिसमें राइफलमैन विक्रम सिंह नेगी और राइफलमैन योगंबर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। शहीद राइफलमैन विक्रम सिंह नेगी (उम्र 26 साल) जिला टिहरी गढ़वाल और रायफलमैन योगंबर सिंह (उम्र 27 साल) जिला चमोली के रहने वाले थे।

गुरुवार शाम को आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर जिले में 60 घंटे के भीतर दूसरा हमला किया था। जिसमें सेना के एक जेसीओ समेत दो जवान शहीद हो गए। जिस समय हमला हुआ उस समय सेना की 48 आरआर (राष्ट्रीय राइफल्स), 16 आरआर और एसओजी इलाके में तलाशी अभियान चला रहे थे।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकियों से बहादुरी के साथ मुकाबला करते हुए शहीद हुए उत्तराखण्ड के दो जवान राइफलमैन विक्रम सिंह नेगी जी और योगंबर सिंह जी की शहादत पर अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि। pic.twitter.com/zqShpmvIKD
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) October 15, 2021
सोमवार को एक जेसीओ और चार जवान हुए थे शहीद
इससे पहले सोमवार सुबह जिले की सुरनकोट तहसील के चमरेड़ जंगल में आतंकियों की ओर से घात लगा कर किए गए हमले में सेना की 16 आरआर का एक जेसीओ और चार जवान शहीद हो गए थे। उसके बाद पिछले 60 घंटे से सुरक्षाबल चमरेड़ से लेकर देहरागली में आतंकियों के खिलाफ सर्च अभियान चला रहे हैं।






