मैनपुरी। कस्बा कुरावली में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री प्रतिनिधि अतुल प्रताप सिंह ने उज्जवल भारत उज्जवल भविष्य कार्यक्रम में कहा कि मैनपुरी सहित पूरे देश में बिजली विभाग ने आजादी के 75 वर्षों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। मैनपुरी में पहले बिजली की समस्या थी लेकिन अब घर-घर बिजली पहुंचा दी गई है। ऊर्जा के क्षेत्र में आज हमारा देश आत्मनिर्भर बन गया है। 2014 से बिजली सुधार के जो प्रयास शुरू हुए आज वे पूरे देश में नजर आ रहे हैं।

आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत कुरावली सभागार पहुंचे अतुल प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने ऊर्जा सुधार के लिए जो वायदे किए वे पूरे किए हैं। आज हर घर में कनेक्शन है। घरों का अंधेरा बिजली विभाग ने दूर किया है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को कार्यक्रमों में सम्मानित करने का आवाह्न भी किया। डीएम अविनाश कृष्ण सिंह ने 75 वर्षों में हासिल की गईं उपलब्धियों पर बात की और कहा कि अब बिजली विभाग घर-घर पहुंच गया है। चार लाख मेगावाट बिजली पैदा हो रही है। अधीक्षण अभियंता अतुल कुमार अग्रवाल ने जानकारी दी कि मैनपुरी के 552 ग्राम पंचायतों के 2744 मजरों का बिजलीकरण किया गया। योजना के तहत 1580 गांव में 5546 परिवर्तक लगाए गए।






