July 17, 2026 3:14 PM

खेत में निकला ब्रिटिशकालीन खजाना, उमड़ पड़ी लूटने वालों की भीड़, पढ़िये पूरी खबर

प्रयागराज:  अगर आप एक—एक पाई के लिए मोहताज हों और अचानक आपको कोई खजाना मिल जाए तो कैसे लगेगा. ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के हनुमानगंज के फूलपुर में भी देखने को मिला. फूलपुर क्षेत्र के कोटवा गांव में खेत समतलीकरण के दौरान मिट्टी में दबे एक मटके से ब्रिटिश कालीन सैकड़ों चांदी के सिक्के मिले. सिक्का मिलते ही जिसके हाथ जितने सिक्के लगे वो उसे लेकर चला गया. बता दें कि बहुत पहले यहां बस्ती हुआ करती थी, जो अब खंडहर हो गई है. धीरे-धीरे पुराने खंडहर को समतल कर लोग खेती करने लगे हैं. जमीन को समतल करने के दौरान ही ये खजाना मिला.

File Photo
File Photo

प्रयागराज के हनुमानगंज के फूलपुर क्षेत्र के कोटवा गांव में खेत समतलीकरण के दौरान मिट्टी में दबे एक मटके से ब्रिटिश कालीन सैकड़ों चांदी के सिक्के मिले. प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो बुधवार को गांव का एक व्यक्ति अपना खेत जेसीबी से समतल करा रहा था. शाम करीब चार बजे जेसीबी का पंजा मिट्टी में दबे एक घड़े से टकरा गया. घड़े से वहां सैकड़ों चांदी के सिक्के बिखर गए. जेसीबी के पास मौजूद कुछ बच्चे सिक्कों को लेकर भागने लगे. थोड़ी ही देर में वहां भीड़ जुट गई जिसके हाथ जो लगा वह लेकर भाग निकला. ग्राम प्रधान संकर्षण कुमार सिंह ने बताया कि मिट्टी के टूटे मटके के पास भूसी भी बिखरी मिली है. कुछ बुजुर्गों ने बताया कि बहुत पहले यहां बस्ती थी. धीरे-धीरे पुराने खंडहर को समतल कर लोग खेती करने लगे हैं.

वहीं खेत मालिक ने कहा कि खेत को समतल कराने के लिए जेसीबी को बुलाया गया था. जेसीबी चालक खेत को समतल कर रहा था तो अचानक जेसीबी का पंचा उस घड़े से टकरा गया. पहले तो चालक कुछ और समझा उसने और फिर से तेजी से पंजा चलाया तो उसमें ये चांदी के सिक्के निकल आए. यहां पर मौजूद लोग सिक्के लेकर चले गए.सिक्के कितने थे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है.

Related Posts