July 19, 2026 12:54 AM

उत्तराखंड की जनता को 5 साल तक बीजेपी ने विकास के नाम पर छला – नेता प्रतिपक्ष, प्रीतम सिंह

हरिद्वार: उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस भाजपा की प्रदेश सरकार पांच साल के कार्यकाल में प्रदेश की जनता को विकास के नाम पर छला है। आरोप लगाया कि इस दौरान भाजपा ने प्रदेश के विकास में ऐसा कोई कार्य नहीं किया है, जिसके दम पर वह चुनाव में जनता के बीच जा सके। इस दौरान पूर्व काबीना मंत्री यशपाल आर्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष खंडूड़ी ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह शनिवार को बहदराबाद क्षेत्र के राजपुर गांव में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड आकर कहा था कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनेगी तो किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा, लेकिन पूरे पांच साल में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। जबकि, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने किसानों के कर्जे बिना कहे ही माफ कर दिए थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा की करनी और कथनी में काफी अंतर है। प्रदेश के विकास का माडल उसके पास नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है, आप सभी व्यक्तियों को कांग्रेस प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाना है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनाई थी, लेकिन भाजपा सरकार जनता के विश्वास पर खरी नहीं उतरी।

पूर्व मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा का दलित प्रेम दिखावा मात्र है। भाजपा ने दलितों के उत्थान के लिए कोई काम नहीं किया। कांग्रेस प्रोफेशनल कमेटी के अध्यक्ष मनीष खंडूरी ने कहा कि पांच साल में भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे सकी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं के हित में कोई काम नहीं किया है, भाजपा सरकार में युवा अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है। कांग्रेस नेता एसपी सिंह इंजीनियर ने कहा कि क्षेत्र की जनता से जो वादे भाजपा नेताओं ने किए थे, वह पूरे नहीं हो सके हैं।


भाजपा के नेता जनता को झूठे आश्वासन तो दे सकते हैं पर, उसके हित में कोई काम नहीं कर सकते हैं। दावा किया कि अब राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी और जनता के हितों के रक्षा की जाएगी। इस मौके पर भूप सिंह, धर्मपाल सिंह, संजय पालीवाल, यशपाल आर्य, विशाल राठौर, महबूब आलम, अर्जुन कर्णवाल, संजय पालीवाल, धर्मपाल, फरीद मलिक, इमरान मलिक, अफजाल त्यागी, बिजेंद्र चौहान, राव जुनैद, हाजी शहीद अहमद, जिंदा हसन, पवन पाल, रणजीत रावत, विनोद कुमार आदि शामिल रहे।

Related Posts