March 13, 2026 3:58 PM

मानसून सीजन में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बिजरानी और सीतावनी पर्यटन जोन बंद

रामनगर: उत्तराखंड में मानसून सक्रिय हो गया है. मानसून को देखते हुए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के प्रमुख पर्यटन जोनों को पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर बंद कर दिया गया है. मानसून सीजन में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का प्रसिद्ध बिजरानी जोन और रामनगर वन प्रभाग का सीतावनी जोन को आज से पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है.

इन जोनों में हर साल मानसून सीजन के दौरान नदी-नालों के उफान पर आने और रास्तों के खराब होने की वजह से पर्यटन गतिविधियां बंद कर दी जाती हैं. इससे पहले ही रामनगर वन प्रभाग के भंडारपानी और कालाढूंगी पर्यटन जोन को 26 जून से बंद कर दिया गया था. इसी कड़ी में अब कॉर्बेट फॉल और बाराती रौ को भी बंद कर दिया गया है. हालांकि पर्यटकों के लिए कुछ जोन अब भी खुले रहेंगे. कॉर्बेट पार्क के ढेला, झिरना, गर्जिया और तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो व हाथीडगर पर्यटन जोन डे सफारी के लिए खुले हैं और मानसून में भी इनमें सीमित पर्यटन गतिविधियां जारी रहेंगी.

आमतौर पर यह जोन पूरे वर्ष खुले रहते हैं, लेकिन अत्यधिक वर्षा होने की स्थिति में इन्हें भी अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता है. वहीं बिजरानी जोन को 15 अक्टूबर से और कॉर्बेट का सबसे लोकप्रिय ढिकाला जोन को 15 नवंबर से नए पर्यटन सत्र में दोबारा खोल दिया जाएगा. गौरतलब हो कि हर साल बरसात शुरू होने से पहले सुरक्षा की दृष्टि कॉर्बेट नेशनल पार्क के कई जोन को बंद कर दिया जाता है. वहीं अब मानसून सीजन में कॉर्बेट का बिजरानी और वन प्रभाग का सीतावनी पर्यटन जोन बंद कर दिया गया है.

Related Posts