April 20, 2026 12:04 AM

‘नारी शक्ति वंदन बिल मोदी की गारंटी का प्रत्यक्ष प्रमाण है’, भाजपा मुख्यालय में बोले पीएम मोदी, सुनें : Video

नई दिल्ली संसद के विशेष सत्र के दौरान दोनों सदनों में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पास होने के बाद पीएम मोदी का भाजपा मुख्यालय में भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी ने कहा कि संसद के दोनों सदनों में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को रिकॉर्ड मतों से पारित किया जा चुका है। इसका देश को कई वर्षों से इंतजार था। ये देश के लिए खास समय है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज हर नारी का आत्मविश्वास आसमान छू रहा है। पूरे देश की माताएं, बहनें, बेटियां खुशी मना रही हैं। हमें आशीर्वाद दे रही हैं। माता-बहनों के सपने को पूरा करने का सौभाग्य भाजपा सरकार को मिला है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम एक सामान्य कानून नहीं है। ये नए भारत की नई लोकतांत्रिक व्यवस्था का उद्घोष है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने देश की हर बेटी की बाधाओं को दूर करने का प्रयास किया है। चाहे बीमारी की बात हो, घर की संपत्ति की बात हो, बचत की बात हो, बेटी रोजगार कर सके, पढ़ाई की बात हो… सभी के लिए भाजपा सरकार ने नए रास्ते बना दिए।

पीएम बोले- इसलिए महिला आरक्षण बिल संभव हुआ

पीएम मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण के लिए इतने दशक से कोशिश तो हो रही थी, नहीं हो पा रहा था। आज ये संभव हुआ है, ये कैसे हो पाया? ये मोदी ने नहीं, ये करोड़ों देशवासियों ने किया है। ये कैसे किया है? उसका सबसे बड़ा कारण है, देश की जनता ने, देश के मतदाताओं ने विशेषकर मेरी माताओं-बहनों ने वोट देकर एक पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाई। इसी का कारण है, आपने सरकार को जो मजबूती दी, आपने जो बहुमत दिया, उसी की ताकत है, ये सरकार फैसले ले पा रही है। संसद में 30 साल से लटके काम को पूरा कर पा रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि इससे पहले ये बिल जब भी संसद में आया, लीपा-पोती हुई। निष्ठापूर्वक कभी प्रयास नहीं हुआ। नारी का अपमान करने का प्रयास किया गया। कल कुछ लोगों को इस बात से भी आपत्ति थी कि वंदन शब्द क्यों लाए? क्या देश की नारी का वंदन करना सही नहीं है।

पीएम बोले- बहुमत की सरकार की वजह से महिला आरक्षण बिल आज सच्चाई बन गया

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश में बहुमत की सरकार है तो महिला आरक्षण बिल एक सच्चाई बन गया है। इस कानून ने फिर साबित किया है कि देश को आगे ले जाने के लिए पूर्ण बहुमत वाली सरकार, मजबूत सरकार, निर्णायक सरकार बहुत ही आवश्यक है। मैं लागातर महिलाओं को आगे बढ़ाने की बात करता हूं, ऐसा इसलिए कि मैंने महिलाओं के सामर्थ्य को देखा है।

पीएम ने कहा कि मैं कई साल तक गुजरात में मुख्यमंत्री रहा। मेरा अनुभव है कि मातृशक्ति को काम मिलता है तो उसका नतीजा क्या होता है। महिलाओं की शक्ति क्या होती है, इसका मेरे पास अनेक उदाहरण है। महिलाओं में सकारात्मक बदलाव की प्रवृति हमें हर जगह मिलती है। परिवार में तो डगर-डगर पर नजर आता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कानून का सबसे बड़ा लाभ होगा कि ये कानून देश की नारी शक्ति में बड़ा विश्वास पैदा करेगा। पीएम मोदी ने अमूल डेयरी, लिज्जत पापड़ का उदाहरण देकर नारी शक्ति के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति राष्ट्र निर्माण में जब शामिल होती है, तो राष्ट्र कितना आगे जाएगा, इसका अंदाजा लगा सकते हैं। देशभर में पिछले 10 साल में महिलाएं संसद में पहुंची हैं। ये जनता की शक्ति है। आपकी शक्ति ने रंग दिखा दिया कि सभी राजनीतिक दलों को इस काम में जुड़ना पड़ा।

आज परिवार से लेकर पंचायत तक, बहन-बेटियां बेहतर काम कर रही हैं। महिलाओं की भागीदारी और भूमिका हर क्षेत्र में देश की ताकत बन रही हैं। नया और आधुनिक संसद भवन और उसमें आधी आबादी का बढ़ता प्रतिनिधित्व देश में नई उर्जा का सूत्रपात करेगा।

Related Posts